चंडीगढ़: अमेरिका-भारत ट्रेड डील के विरोध में पंजाब के किसानों का प्रस्तावित दिल्ली कूच फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश सचिव दिलबाग सिंह दिराजके ने बताया कि हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के साथ हुई बैठक में किसानों की दो प्रमुख मांगों पर सहमति बन गई, जिसके बाद आंदोलन को अस्थायी रूप से रोकने का फैसला लिया गया।
उन्होंने कहा कि अगले 8 से 10 दिनों के भीतर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और किसान संगठनों के बीच बातचीत शुरू कराई जाएगी। इस बैठक में अमेरिका-भारत ट्रेड डील से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होगी। समझौते के बाद किसान शंभू बॉर्डर से वापस लौटने लगे हैं। वहीं, कुरुक्षेत्र पुलिस ने किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी को रिहा कर दिया है।
किसान मजदूर मोर्चा के संयोजक सरवण पंधेर ने बताया कि हरियाणा के कृषि मंत्री ने भरोसा दिलाया है कि आंदोलन के दौरान हिरासत में लिए गए अन्य किसान नेताओं को भी जल्द रिहा किया जाएगा।
इससे पहले मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में किसान दिल्ली कूच के लिए पटियाला-अंबाला स्थित शंभू बॉर्डर और संगरूर-जींद के खनौरी बॉर्डर पर एकत्र हुए थे। किसानों के पहुंचने की सूचना मिलते ही हरियाणा पुलिस ने दोनों सीमाओं पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। स्थिति को देखते हुए अंबाला प्रशासन ने क्षेत्र में धारा 163 लागू कर दी और किसानों को बैरिकेड्स से 100 मीटर दूर रहने के निर्देश जारी किए।
हालांकि, सरकार और किसान संगठनों के बीच सकारात्मक बातचीत के बाद फिलहाल आंदोलन को स्थगित कर दिया गया है और अब सभी की निगाहें आगामी वार्ता पर टिकी हैं।


