पंजाब में तेज रफ्तार कार काफिले में घुसी, कैबिनेट मंत्री हरभजन ETO बाल-बाल बचे, पायलट जिप्सी चकनाचूर, 4 गनमैन गंभीर रूप से घायल

Punjab

गुरदासपुर: पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार में कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ का काफिला आज एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। गुरदासपुर-कलानौर रोड पर हुए इस हादसे में उनकी पायलट गाड़ी एक दूसरी कार से टकरा गई, जिसमें मंत्री के चार सुरक्षाकर्मी (गनमैन) और कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के वक्त मंत्री हरभजन सिंह खुद काफिले में मौजूद थे, हालांकि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं।

यह हादसा अड्डा नड़ांवाली के पास उस समय हुआ जब एक कार अचानक मंत्री के काफिले में घुस आई और सीधे पायलट जिप्सी से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उनके अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। पायलट जिप्सी का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया।

जानकारी के अनुसार, मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ दीनानगर में बाढ़ पीड़ितों को राहत राशि के चेक बांटने के लिए जा रहे थे। एक कार्यक्रम के बाद वह कलानौर की ओर बढ़ रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

हादसे के तुरंत बाद मंत्री ने अपना काफिला रुकवाया और उनकी टीम ने 108 एम्बुलेंस को फोन कर घायलों को संभाला। सभी घायल सुरक्षाकर्मियों और कार चालक को तुरंत कलानौर के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर ले जाया गया।

सिविल अस्पताल कलानौर के एसएमओ डॉक्टर अत्री ने बताया कि हादसे में घायल हुए सुरक्षाकर्मियों में से तीन के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि एक को सीने और एक अन्य को गर्दन में चोट लगी है। सभी को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए गुरदासपुर के सिविल अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।

घायलों को अस्पताल रवाना करने के बाद मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ अपने निर्धारित कार्यक्रम के लिए आगे बढ़ गए। हादसे के कारण मौके पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति भी बन गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *