जालंधर: फिल्लौर थाने के पूर्व प्रभारी (एसएचओ) भूषण कुमार के खिलाफ एक महिला के साथ बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद अब कानूनी शिकंजा कस गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जालंधर देहात पुलिस ने देर रात पूर्व एसएचओ के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
जालंधर देहात के एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया, “सोशल मीडिया पर वायरल हो रही ऑडियो और वीडियो सामग्री की प्रारंभिक जांच के बाद भूषण कुमार पर मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल, ऑडियो और वीडियो की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है ताकि मामले की तह तक पहुंचा जा सके।”
इससे पहले, पंजाब महिला आयोग ने वायरल ऑडियो का स्वतः संज्ञान लेते हुए मामले को गंभीर माना था। आयोग की चेयरपर्सन राज लाली गिल ने एसएसपी जालंधर (देहात) को नोटिस जारी कर तत्काल और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। आयोग ने इस मामले में एसएचओ भूषण कुमार और संबंधित डीएसपी बल समेत दोनों पक्षों को तलब भी किया था।
सुनवाई के दौरान आयोग की चेयरपर्सन ने एसएचओ को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा था कि वर्दी की आड़ में किसी भी महिला का शोषण कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज लाली गिल ने यह भी स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में पुलिस थानों में महिलाओं से कोई भी बातचीत केवल सीसीटीवी कैमरे के सामने ही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
