चंडीगढ़: पंजाब के कोटकपूरा में आयोजित ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के राष्ट्रव्यापी शुभारंभ कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए देश के युवाओं को नशा मुक्त रखना बेहद अनिवार्य है।
हरियाणा सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए सीएम सैनी ने कहा कि उनकी सरकार ने कड़े कदमों और दृढ़ इच्छाशक्ति के बदौलत राज्य में नशे पर प्रभावी अंकुश लगाया है। वहीं दूसरी ओर, उन्होंने पंजाब में लगातार बढ़ रही नशे की समस्या पर चिंता जताई।
गौरतलब है कि 100 सप्ताह तक चलने वाले इस देशव्यापी अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से की। इस कार्यक्रम के तहत देशभर के 28 हजार स्थानों पर आयोजन किए गए, जिनमें एक करोड़ से अधिक युवाओं ने सहभागिता की।


