जालंधर: शहर में लुटेरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने दिन चढ़ते ही एक और स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दे दिया है। ताजा मामला मिठ्ठापुर इलाके का है, जहां बाइक सवार दो बदमाशों ने घर से निकलकर पड़ोसी के घर जा रही एक महिला को अपना निशाना बनाया और उसके कान में पहनी सोने की बाली छीन ली।
घटना की शिकार हुई महिला निर्मल कौर निवासी मिठ्ठापुर ने बताया कि वह सुबह अपने घर से निकलकर पास ही में अपने पड़ोसी के घर जा रही थीं। जैसे ही वह कुछ दूर पहुंचीं, एक मोटरसाइकिल पर सवार दो लुटेरे आए और झपट्टा मारकर उनके कान की बाली नोच ली। जब तक वह कुछ समझ पातीं या शोर मचातीं, आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।
दिनदहाड़े हुई इस लूट की वारदात से इलाके के लोगों में दहशत है। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने महिला के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और लुटेरों का सुराग लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
