चंडीगढ़ डेस्क। पंजाब में मानसून की रफ्तार धीमी होने से एक बार फिर भीषण गर्मी और चिपचिपी उमस ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। नियमित बारिश न होने के कारण दिन के समय तापमान और हवा में नमी (ह्यूमिडिटी) दोनों का स्तर बढ़ गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों के लिए गर्म व उमस भरे मौसम का येलो अलर्ट जारी किया है, वहीं कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की राहत मिलने की उम्मीद भी जताई है।
इन 16 जिलों में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज ऐसा रहेगा:
-
यहाँ रहेगी भारी उमस: फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मोगा, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, बरनाला और मानसा में दिनभर तेज गर्मी और चिपचिपी उमस परेशान करेगी।
-
यहाँ बरसेंगे बदरा: पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर), कपूरथला, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और मोहाली समेत करीब 16 जिलों के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
41 डिग्री के साथ फरीदकोट सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों में पंजाब के औसतन अधिकतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी देखी गई है, जो सामान्य से अधिक बना हुआ है। इस दौरान फरीदकोट राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहाँ पारा 41°C के पार दर्ज किया गया। तेज धूप और उमस के कारण लोग दिनभर पसीने से तर-बतर रहे।
अगले 24 घंटे भारी: 60 KM की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटों के भीतर पंजाब के कई हिस्सों में मौसम अचानक करवट ले सकता है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी पहुँच सकती है।
मौसम विभाग की सलाह: खराब मौसम, तेज आंधी या आकाशीय बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें। गर्मी और उमस से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन करें और सेहत का ध्यान रखें।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

