ENTERTAINMENT DESK : अभिनेता आमिर खान ने फिल्म ‘3 इडियट्स’ के चर्चित किरदार ‘रैंचो’ को लेकर वर्षों से चली आ रही अटकलों पर विराम लगाते हुए स्पष्ट किया है कि यह किरदार सीधे तौर पर सोनम वांगचुक पर आधारित नहीं था। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म रिलीज होने के बाद जब उनकी मुलाकात वांगचुक से हुई, तो उन्हें दोनों के बीच कई समानताएं महसूस हुईं। हाल ही में सोनम वांगचुक के समर्थन में जारी एक वीडियो संदेश में आमिर खान ने कहा कि फिल्म की स्क्रिप्ट और किरदार पहले ही तैयार हो चुके थे। उन्होंने बताया कि फिल्म के लेखक अभिजात जोशी और निर्देशक राजकुमार हिरानी ने कहानी का निर्माण काफी पहले कर लिया था और उस समय सोनम वांगचुक से उनकी कोई मुलाकात नहीं हुई थी। आमिर खान ने कहा कि फिल्म की रिलीज के बाद जब वह लद्दाख गए और पहली बार सोनम वांगचुक से मिले, तब उन्हें महसूस हुआ कि उनकी सोच, शिक्षा को लेकर दृष्टिकोण और व्यक्तित्व में कई बातें रैंचो के किरदार से मेल खाती हैं। हालांकि उन्होंने दोहराया कि यह कहना सही नहीं होगा कि फिल्म का किरदार सीधे तौर पर उन्हीं पर आधारित था।
अभिनेता ने कहा कि सोनम वांगचुक देश के उन लोगों में शामिल हैं जिन्होंने शिक्षा, पर्यावरण और समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने वांगचुक के वर्तमान आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। आमिर खान ने यह भी कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखने का अधिकार है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार और संबंधित पक्ष बातचीत के माध्यम से इस मुद्दे का समाधान निकालेंगे। गौरतलब है कि लंबे समय से यह माना जाता रहा है कि साल 2009 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म ‘3 इडियट्स’ का मुख्य किरदार रैंचो लद्दाख के इंजीनियर, शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से प्रेरित था। हालांकि फिल्म निर्माताओं ने पहले भी स्पष्ट किया था कि फिल्म की मूल कहानी चेतन भगत के उपन्यास फाइव पॉइंट समवन से प्रेरित थी और रैंचो का किरदार कई विचारों और अनुभवों का मिश्रण था। फिलहाल सोनम वांगचुक अपने आंदोलन को लेकर चर्चा में हैं और इसी दौरान आमिर खान का यह बयान भी सुर्खियों में आ गया है। सोशल मीडिया पर लोग इस खुलासे को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

