Punjab Desk: जालंधर में एक्साइज विभाग ने देर रात अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए श्री रविदास चौक के पास स्थित एक दुकान को सील कर दिया। विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि ठेके के नजदीक स्थित इस दुकान में बड़ी मात्रा में अवैध शराब का भंडारण किया गया है।
सूचना के आधार पर एक्साइज विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दुकान की तलाशी ली। प्रारंभिक जांच में बड़ी संख्या में शराब की पेटियां मिलने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार दुकान में 300 से अधिक पेटियां रखी होने का अनुमान है। फिलहाल बरामद शराब की गिनती जारी है, जिसके बाद ही सटीक संख्या स्पष्ट हो सकेगी।
एक्साइज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले की रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है। साथ ही यह जांच की जा रही है कि बरामद शराब किस ब्रांड की है, उसे कहां से लाया गया और दुकान में किसके द्वारा रखी गई थी।
विभाग ने दुकान को अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


