HomePunjabपंजाब में फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई जिलों में आज बारिश की...

पंजाब में फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई जिलों में आज बारिश की संभावना; डैमों का जलस्तर सामान्य

चंडीगढ़: पंजाब में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शुक्रवार को राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश भी हो सकती है। बारिश से तापमान में गिरावट आने और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

राजधानी चंडीगढ़ में भी दिनभर बादल छाए रहने के साथ रुक-रुक कर बारिश होने का अनुमान जताया गया है।

होशियारपुर में सबसे अधिक वर्षा

मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को पंजाब के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग मौसम देखने को मिला। सबसे अधिक 18 मिलीमीटर बारिश होशियारपुर में दर्ज की गई।

इसके अलावा लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, चंडीगढ़, पटियाला, भाखड़ा क्षेत्र और आनंदपुर साहिब में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। वहीं अमृतसर, गुरदासपुर, कपूरथला, फिरोजपुर, फाजिल्का, संगरूर और तरनतारन में बारिश दर्ज नहीं की गई।

अगले एक सप्ताह तक बने रहेंगे बारिश के आसार

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून ट्रफ और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने के कारण अगले सात दिनों तक पंजाब में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। इस दौरान अलग-अलग जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज वर्षा और बिजली चमकने की संभावना है।

डैमों का जलस्तर सुरक्षित सीमा में

हाल की बारिश के चलते राज्य के प्रमुख बांधों में जलस्तर बढ़ा है, लेकिन फिलहाल किसी तरह का खतरा नहीं है।

  • भाखड़ा डैम का जलस्तर 1607.95 फीट दर्ज किया गया है, जबकि इसका चेतावनी स्तर 1680 फीट है।
  • पोंग डैम में जलस्तर 1344.4 फीट है, जबकि इसका चेतावनी स्तर 1400 फीट निर्धारित है।

जल संसाधन विभाग के अनुसार, दोनों बांधों का जलस्तर सुरक्षित सीमा के भीतर है और आवश्यकता के अनुसार नियंत्रित मात्रा में ही पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments