Punjab Desk। बटाला के अर्बन एस्टेट पुलिस चौकी पर 1 अगस्त की रात हुए ग्रेनेड हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और बटाला पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीसरे आरोपी करनजीत सिंह उर्फ बच्चा, पुत्र रमनजीत सिंह, निवासी शिव नगर, बटाला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपी के आईएसआई समर्थित आतंकी मॉड्यूल से जुड़े होने की बात सामने आई है। जांच एजेंसियों के अनुसार, इस मॉड्यूल को पुर्तगाल में बैठे बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के कथित मास्टरमाइंड के निर्देश पर संचालित किए जाने का आरोप है।
वारदात के बाद छिपा हुआ था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, ग्रेनेड हमले के अगले ही दिन वारदात में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई थी, लेकिन जांच प्रभावित न हो, इसलिए उनकी पहचान को तत्काल सार्वजनिक नहीं किया गया। अब संयुक्त अभियान के दौरान तीसरे आरोपी करनजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।
नाबालिग भी था मॉड्यूल में शामिल
जांच में सामने आया है कि इस मामले में शामिल आरोपी बटाला के ही रहने वाले हैं। इनमें एक नाबालिग आरोपी भी शामिल है। पुलिस जांच में कथित तौर पर यह बात सामने आई है कि मॉड्यूल पंजाब में पुलिस चौकियों और थानों को निशाना बनाकर इसी तरह के अन्य हमलों की योजना बना रहा था।
पुलिस का दावा है कि आरोपियों की समय रहते गिरफ्तारी से संभावित बड़ी वारदात को टालने में सफलता मिली है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस मॉड्यूल से जुड़े अन्य लोगों तथा इसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।


