Punjab Desk: पंजाब के जगराओं-रायकोट रोड पर गांव बस्सियां के पास गुरुवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक बस की टक्कर के बाद तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे और पानी से भरे छप्पड़ में जा गिरी। हादसे में आम आदमी पार्टी से जुड़े तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
कार्यक्रम से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, आम आदमी पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता नकोदर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद देर रात कार से दिड़बा लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 1:15 बजे जगराओं से लगभग 12 किलोमीटर दूर गांव बस्सियां के पास रायकोट रोड पर हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि बस की टक्कर के बाद कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे बने गहरे छप्पड़ में जा गिरी। कार के पानी में गिरते ही उसमें सवार लोग अंदर फंस गए और उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
ग्रामीणों ने पहुंचकर चलाया बचाव अभियान
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने पुलिस और राहत दल को सूचना दी। इसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया और काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल से जानकारी जुटाई जा रही है।


