HomePunjabपटियाला में पिटबुल का आतंक, मकान देखने गए दंपती पर किया हमला;...

पटियाला में पिटबुल का आतंक, मकान देखने गए दंपती पर किया हमला; महिला को 14 और पति को 12 बार काटा

Punjab News: पटियाला के घुम्मण नगर इलाके में बुधवार को पिटबुल कुत्ते के हमले से हड़कंप मच गया। मकान देखने पहुंचे एक दंपती पर पिटबुल ने अचानक हमला कर दिया। कुत्ते ने दोनों को करीब तीन मिनट तक काटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने लाठी-डंडों की मदद से किसी तरह कुत्ते को काबू किया और दंपती को बचाया।

जानकारी के मुताबिक, दंपती एक प्रॉपर्टी डीलर के साथ घुम्मण नगर में मकान देखने पहुंचा था। जैसे ही प्रॉपर्टी डीलर ने कोठी का गेट खोला, अंदर मौजूद पिटबुल अचानक बाहर निकल आया और उसने महिला पर हमला कर दिया। कुत्ते के हमले से महिला जमीन पर गिर गई। पत्नी को बचाने के लिए उसका पति आगे आया तो पिटबुल ने उस पर भी हमला कर दिया।

पड़ोसियों ने लाठी-डंडों से छुड़ाया

अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दंपती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर आए। लोगों ने लाठी-डंडों से पिटबुल को हटाने की कोशिश की। कई बार वार करने के बाद कुत्ते ने दंपती को छोड़ा।

हमले में महिला की दाईं बाजू पर कंधे के पास गंभीर चोट आई है। बताया जा रहा है कि कुत्ते ने महिला को करीब 14 बार, जबकि उसके पति को लगभग 12 बार काटा। महिला की गंभीर चोट को देखते हुए उसके हाथ की सर्जरी भी की गई है। दोनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पीड़ित ने की कार्रवाई की मांग

पीड़ित अंकित सभरवाल ने बताया कि पिटबुल ने उन्हें और उनकी पत्नी को शरीर के कई हिस्सों में बुरी तरह काटा। उन्होंने कहा कि आसपास के लोगों ने समय रहते मदद नहीं की होती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

पिटबुल रखने पर रोक का दावा

पशुपालन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. बिक्रमजीत सिंह ने कहा कि पिटबुल रखने पर रोक है और कोई भी व्यक्ति इस नस्ल के कुत्ते को नहीं रख सकता। उन्होंने कहा कि उन्हें घटना के वीडियो की जानकारी मिली है और मामले की जांच के बाद नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नगर निगम कमिश्नर पूजा सियाल ग्रेवाल ने भी कहा कि पिटबुल रखने पर रोक है। उन्होंने बताया कि घटना का वीडियो पशुपालन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर को कार्रवाई के लिए भेजा गया है। नगर निगम भी अपने स्तर पर मामले को गंभीरता से देख रहा है।

पालतू कुत्तों को लेकर नियमों का पालन जरूरी

पालतू कुत्ते रखने वालों के लिए रजिस्ट्रेशन और जरूरी टीकाकरण से जुड़े नियमों का पालन करना आवश्यक है। कुत्ते का एंटी-रेबीज समेत आवश्यक टीकाकरण करवाना और उसका रिकॉर्ड सुरक्षित रखना जरूरी है। सार्वजनिक स्थानों और सोसाइटी के कॉमन एरिया में कुत्ते को पट्टे से बांधकर रखना चाहिए। यदि कुत्ता आक्रामक है तो उसकी सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है। पालतू कुत्ते को लावारिस छोड़ना और उसकी देखभाल में लापरवाही बरतना भी नियमों के खिलाफ है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments