कुरुक्षेत्र: हरियाणा में बुढ़ापा पेंशन के लिए निर्धारित 1.80 लाख रुपये की सालाना आय सीमा को लेकर इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। कुरुक्षेत्र पहुंचे चौटाला ने सरकार से इस आय सीमा को तत्काल हटाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने फैसला वापस नहीं लिया तो इनेलो इस मुद्दे को लेकर व्यापक आंदोलन शुरू करेगी।
अभय चौटाला ने कहा कि बुजुर्गों को सम्मान और आर्थिक सहारा देने के उद्देश्य से पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल ने बुढ़ापा पेंशन की शुरुआत की थी। उनके मुताबिक, मौजूदा सरकार नियमों और आय सीमा के नाम पर बुजुर्गों को परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के सम्मान के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
‘आय सीमा हटाओ, वरना सभी पर लागू करो’
इनेलो नेता ने सरकार को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अगर बुढ़ापा पेंशन से 1.80 लाख रुपये की सालाना आय सीमा नहीं हटाई गई, तो उनकी पार्टी इसी तरह की आय सीमा अन्य वर्गों पर लागू करने की मांग करेगी।
उन्होंने कहा कि यदि आय का यह नियम बुजुर्गों के लिए बनाया गया है तो फिर इससे कोई भी वर्ग बाहर नहीं होना चाहिए। चाहे वह विधायक हो, सांसद हो या आईपीएस अधिकारी, सभी के लिए समान नियम होना चाहिए।
बुजुर्गों के सम्मान की लड़ाई लड़ने का दावा
अभय चौटाला ने कहा कि इनेलो बुजुर्गों के साथ खड़ी है और उनके सम्मान एवं अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर पार्टी इस मुद्दे को सड़क से लेकर हर स्तर तक उठाएगी।
उन्होंने प्रदेश सरकार से जल्द से जल्द आय सीमा हटाने का निर्णय लेने की मांग की। चौटाला ने कहा कि यदि सरकार ने इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया तो इनेलो बुजुर्गों के सम्मान के लिए बड़े आंदोलन से पीछे नहीं हटेगी।


