चंडीगढ़: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पंजाब के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने पठानकोट और रूपनगर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक दोनों जिलों के कुछ हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है। वहीं चंडीगढ़ में भी बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
बारिश से तापमान में आई गिरावट
पंजाब में बीते कुछ दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। बारिश के कारण राज्य के औसत अधिकतम तापमान में करीब 3.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, तापमान अभी भी सामान्य स्तर के आसपास बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान फिरोजपुर में 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कई इलाकों में हुई अच्छी बारिश
14 अगस्त को पंजाब के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। पटियाला के रौनी में सबसे अधिक 35 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। पटियाला शहर में 28.8 मिमी और लुधियाना में 25 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा लुधियाना AWS में 11.5 मिमी, थीन बांध में 5 मिमी, पठानकोट के K.V.K. क्षेत्र में 3 मिमी, बठिंडा में 1.5 मिमी, चंडीगढ़ में 0.8 मिमी और गुरदासपुर में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मानसून के दोबारा सक्रिय होने से बारिश के आसार
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पंजाब में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मानसून की ट्रफ लाइन फिरोजपुर से होते हुए झारखंड और पश्चिम बंगाल तक बनी हुई है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा ऊपरी वायुमंडल में पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। मानसून और पश्चिमी विक्षोभ की संयुक्त सक्रियता के चलते अगले कुछ दिनों तक पंजाब में बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है। इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।


