Punjab Desk: जालंधर के अलास्का चौक के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की स्कूटी पर रखे बैग पर जोमैटो कंपनी का नाम लिखा हुआ था, जिसके चलते उसे डिलीवरी बॉय बताया जा रहा है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार, व्यक्ति ग्रे रंग की स्कूटी पर रेलवे रोड की तरफ जा रहा था। इसी दौरान सड़क पर बने गड्ढे के कारण वह स्कूटी समेत सड़क पर गिर गया। तभी पीछे से आ रही करतार बस की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शी राकेश ने बताया कि स्कूटी सवार के गिरने के बाद लोगों ने बस चालक को आवाज देकर रोकने की कोशिश की, लेकिन बस उसके ऊपर से निकल गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बस के कंडक्टर दलबीर सिंह को हिरासत में लिया है, जबकि बस चालक प्रकाश सिंह मौके से फरार बताया जा रहा है।
कंडक्टर दलबीर सिंह ने बताया कि एक्टिवा सवार बस के पिछले टायर के नीचे आ गया था, जिसके चलते उसकी मौत हुई। वहीं, पुलिस अधिकारी के मुताबिक कंडक्टर को थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस मृतक की पहचान करने के साथ-साथ हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले में कार्रवाई की जा रही है।


