टोरंटो: पंजाब के मशहूर सिंगर तेजी काहलों पर कनाडा में जानलेवा हमला होने की खबर है। इस फायरिंग की जिम्मेदारी राजस्थान के कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग ने ली है। गैंग ने एक कथित सोशल मीडिया पोस्ट शेयर कर इस घटना की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया है कि गोली गायक के पेट में लगी है।
गैंग से जुड़े एक सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किए गए पोस्ट में यह दावा किया गया है कि हाल ही में कनाडा में हुई यह फायरिंग उनके गैंग ने ही करवाई है। जानकारी के मुताबिक, पंजाबी सिंगर तेजी काहलों पर कई राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसमें वह बाल-बाल बच गए।
गैंग ने अपनी पोस्ट में इस हमले का कारण भी बताया है। पोस्ट में आरोप लगाया गया है कि तेजी काहलों, गोदारा गैंग के विरोधी गैंग को पैसे और अन्य तरह से सहयोग (स्पॉट) दे रहे थे। इसके साथ ही उन पर दुश्मनों के लिए रेकी करने (सूचना देने) का भी आरोप लगाया गया है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भारतीय गैंगस्टरों के बीच की दुश्मनी अब कनाडा की धरती तक पहुंच गई है।
