फरीदाबाद: फरीदाबाद में चोरी और ATM लूट की एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। आरोपियों ने पहले फॉर्च्यूनर कार चोरी की और अगले ही दिन उसी गाड़ी का इस्तेमाल कर SBI का ATM उखाड़ लिया। क्राइम ब्रांच AVTS सिकरोना ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी की फॉर्च्यूनर बरामद कर ली है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धौज निवासी मोहम्मद मोइन खान (24), मोसिम उर्फ बिल्ला (27) और मकसूद उर्फ काला (45) के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के साथ-साथ दूसरी वारदातों की जानकारी जुटाने में लगी है।
पहले चोरी की फॉर्च्यूनर, फिर ATM पर धावा
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 12 अगस्त को सेक्टर-16 इलाके से फॉर्च्यूनर चोरी की थी। बताया गया कि उन्होंने कार का शीशा तोड़ा और लैपटॉप की मदद से वाहन के लॉकिंग सिस्टम को बायपास कर उसे स्टार्ट किया। इसके बाद आरोपी कार लेकर फरार हो गए। मामले में थाना सेक्टर-17 में केस दर्ज किया गया था।
इसके अगले ही दिन यानी 13 अगस्त की रात आरोपियों ने चोरी की गई फॉर्च्यूनर से छांयसा रोड स्थित SBI ATM को निशाना बनाया। आरोपियों ने ATM को बेल्ट की मदद से कार से बांधा और फॉर्च्यूनर से खींचकर उसे उखाड़ लिया।
इसके बाद ATM को कार की डिग्गी में रखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने ATM में लगे इन्वर्टर, बैटरी और CCTV कैमरे भी निकाल लिए थे। वारदात की सूचना मिलने के बाद थाना छांयसा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना से पकड़े गए आरोपी
लगातार दो वारदातों के बाद क्राइम ब्रांच AVTS सिकरोना और भूपानी की टीमों ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने तकनीकी जांच के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया।
इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 17 अगस्त को धौज थाना क्षेत्र से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी की गई फॉर्च्यूनर भी बरामद कर ली गई।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ATM से निकाली गई रकम और अन्य सामान कहां है। साथ ही, वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। मोहम्मद मोइन खान के खिलाफ आर्म्स एक्ट, चोरी और जुआ अधिनियम के तहत तीन मामले दर्ज बताए गए हैं।
मोसिम उर्फ बिल्ला के खिलाफ मारपीट का एक मामला दर्ज है। वहीं, मकसूद उर्फ काला पर लूट, सीएस एक्ट और जुआ अधिनियम समेत चार मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके द्वारा अंजाम दी गई चोरी व लूट की दूसरी वारदातों के बारे में भी अहम जानकारी मिल सकती है।


