Punjab Desk: फगवाड़ा में एक बड़ा सड़क हादसा होने से उस समय टल गया, जब एक मोटरसाइकिल चालक की कथित लापरवाही के कारण एक्टिवा सवार दो बच्चे ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों बच्चे घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल फगवाड़ा में भर्ती करवाया गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों बच्चे एक्टिवा पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक मोटरसाइकिल उनके बिल्कुल पास से गुजरा। मोटरसाइकिल को देखकर बच्चे घबरा गए और उनकी एक्टिवा अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई। टक्कर के बाद एक्टिवा ट्रक के नीचे जा घुसी।
गनीमत रही कि दोनों बच्चे ट्रक के नीचे आने के बजाय एक तरफ गिर गए, जिससे उनकी जान बच गई। हादसे में उन्हें चोटें आई हैं और फिलहाल दोनों का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
वहीं, ट्रक चालक मलकीत सिंह ने बताया कि वह लुधियाना से होशियारपुर जा रहा था। आशा कॉन्टिनेंटल के पास सामने से आ रहे एक्टिवा सवार दोनों बच्चे उनके पास से गुजर रहे मोटरसाइकिल को देखकर घबरा गए और उनकी एक्टिवा ट्रक से टकरा गई। ट्रक चालक ने कहा कि इस हादसे में उसकी कोई गलती नहीं है।
हादसे की सूचना मिलते ही पीसीआर कर्मचारी और सड़क सुरक्षा फोर्स के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हादसे में एक्टिवा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दोनों बच्चों का बाल-बाल बचाव हो गया। फिलहाल दोनों घायल बच्चे सिविल अस्पताल फगवाड़ा में उपचाराधीन हैं।


