HomePunjabपंजाब यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव के लिए आज मतदान, अध्यक्ष पद पर चार...

पंजाब यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव के लिए आज मतदान, अध्यक्ष पद पर चार उम्मीदवारों के बीच मुकाबला

चंडीगढ़: पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस स्टूडेंट्स काउंसिल चुनाव के लिए आज मतदान होगा। अध्यक्ष पद पर चार उम्मीदवार आमने-सामने हैं। एसैप के आदिल बराड़, एबीवीपी के अंकित बिढान, सत्थ के दर्शप्रीत सिंह और एनएसयूआई के गुरमन सिंह सिद्धू के बीच मुकाबला है। चुनाव में 16,468 छात्र मतदाता अपने वोट से कैंपस की छात्र राजनीति की दिशा तय करेंगे।

चुनाव को लेकर सभी प्रमुख छात्र संगठनों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। रविवार को प्रचार अभियान खत्म होने से पहले प्रत्याशियों ने सोशल मीडिया और इंडोर कैंपेनिंग के जरिए मतदाताओं तक पहुंच बनाने की कोशिश की। प्रचार समाप्त होने के बाद भी समर्थकों का व्यक्तिगत संपर्क अभियान जारी रहा। इस बार करीब 9 हजार छात्राओं के वोट चुनावी समीकरण में अहम माने जा रहे हैं। वहीं, सबसे ज्यादा मतदाताओं वाले यूआईईटी और यूआईएलएस पर भी उम्मीदवारों की खास नजर रही।

चार उम्मीदवार, अध्यक्ष पद के लिए एक कुर्सी

अध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतरे चारों उम्मीदवारों ने आखिरी दौर में मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए जोर लगाया।

एसैप के आदिल बराड़ के समर्थकों ने हॉस्टल और विभागों में व्यक्तिगत संपर्क के साथ सोशल मीडिया के जरिए प्रचार किया।

एबीवीपी के अंकित बिढान ने भी अंतिम चरण में विभागों और छात्र समूहों के बीच संपर्क बढ़ाया। संगठन के नेटवर्क के जरिए अधिक से अधिक छात्रों तक पहुंचने पर जोर दिया गया।

एनएसयूआई के गुरमन सिंह सिद्धू ने युवा मतदाताओं के साथ व्यक्तिगत संपर्क और सोशल मीडिया अभियान को प्रमुख हथियार बनाया।

वहीं, सत्थ के दर्शप्रीत सिंह के समर्थक कैंपस के विभिन्न विभागों में सक्रिय रहे और अधिक मतदाता वाले विभागों पर विशेष ध्यान दिया।

उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद पर भी मुकाबला

अध्यक्ष के अलावा उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद के लिए भी उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है।

उपाध्यक्ष पद के लिए एनएसयूआई की आकांक्षा ठाकुर, आईसा के अरमान सिंह, पीयूडीएफ के अरमान सिंह भिंडर, साखी की मनमीत कौर और आईएसओ के विपुल भादू मैदान में हैं।

सचिव पद के लिए आर्यन सहारन, ध्यान सिंह और मुस्कान चौहान के बीच मुकाबला होगा। संयुक्त सचिव पद के लिए आमीन कौर, देवराज सिंह नैन, राम चंदर सिंह और विशाल बमल चुनाव लड़ रहे हैं।

191 बूथों पर होगा मतदान, शाम तक आएगा परिणाम

विश्वविद्यालय में मतदान के लिए 191 बूथ प्रस्तावित किए गए हैं। मतदान के बाद पंजाब यूनिवर्सिटी के जिम्नेजियम हॉल में मतगणना होगी। चुनाव परिणाम सोमवार शाम तक आने की उम्मीद है।

मतदाता संख्या के लिहाज से यूआईईटी सबसे बड़ा केंद्र है। यहां 2,670 मतदाता और 24 बूथ प्रस्तावित हैं। इसके बाद यूआईएलएस में 1,950 मतदाता और 16 बूथ प्रस्तावित किए गए हैं। लॉ विभाग में 1,064 मतदाता हैं।

छात्राओं के वोट पर टिकी नजर

कुल मतदाताओं में 7,467 छात्र और करीब 9,000 छात्राएं शामिल हैं। इसके अलावा एक ट्रांसजेंडर मतदाता भी दर्ज है। छात्राओं की अधिक संख्या को देखते हुए इस बार उनके वोट चुनाव के नतीजों पर महत्वपूर्ण असर डाल सकते हैं।

विभागवार बूथ बनाए जाने से छात्रों को अपने विभाग में ही मतदान की सुविधा मिलेगी। हालांकि बूथ और मतदाताओं से जुड़े आंकड़े फिलहाल संभावित हैं और अंतिम सूची में बदलाव संभव है।

1100 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था

छात्रसंघ चुनाव को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पंजाब यूनिवर्सिटी समेत शहर के कॉलेजों में मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए डीएसपी और इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों समेत करीब 1100 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

पुलिस ने मतदान केंद्रों के साथ मतगणना स्थल और कैंपस के आसपास सुरक्षा के लिए अलग-अलग टीमें तैनात की हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए वॉटर कैनन, वज्र वाहन और आंसू गैस पार्टी को भी तैयार रखा गया है।

अब सभी की नजर मतदान और उसके बाद होने वाली मतगणना पर है। सोमवार का फैसला तय करेगा कि पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस की छात्र राजनीति में इस बार किस उम्मीदवार और संगठन का दबदबा कायम होता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments