मुंबई: भारतीय क्रिकेट के लिहाज से आज का दिन काफी अहम माना जा रहा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) मुंबई में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक करने जा रहा है। इस बैठक का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था। इसमें भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर, चयन समिति के चेयरमैन अजीत अगरकर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण के शामिल होने की उम्मीद है।
सूत्रों के मुताबिक, कप्तान शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक का हिस्सा बन सकते हैं। बैठक में हाल के प्रदर्शन, आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ मिली हार, आगामी न्यूजीलैंड दौरे और 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
इसके अलावा लगातार चोटिल हो रहे खिलाड़ियों, टीम के इंजरी मैनेजमेंट और रोहित शर्मा के भविष्य जैसे मुद्दे भी बैठक के एजेंडे में रह सकते हैं। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के भविष्य को लेकर भी चर्चा होने की अटकलें हैं। आइए जानते हैं वे पांच बड़े मुद्दे, जिन पर बैठक में सबसे ज्यादा फोकस रह सकता है।
रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविंद्र जडेजा के भविष्य पर चर्चा
2027 वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए टीम के तीन अनुभवी खिलाड़ियों रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविंद्र जडेजा के भविष्य पर चर्चा होना तय माना जा रहा है। फिलहाल विराट कोहली और रविंद्र जडेजा को लेकर स्थिति अपेक्षाकृत स्पष्ट नजर आती है, लेकिन रोहित शर्मा लगातार चर्चा के केंद्र में बने हुए हैं।
पिछले कुछ समय से ऐसी खबरें सामने आती रही हैं कि चयन समिति के एक सदस्य ने रोहित को संकेत दिया था कि टीम मैनेजमेंट अब भविष्य की ओर बढ़ने की योजना बना रहा है। हालांकि, लॉर्ड्स वनडे में रोहित ने शानदार शतक लगाकर अपने प्रदर्शन से जवाब दिया था। इसके बावजूद यह कहना जल्दबाजी होगी कि वह अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा होंगे या नहीं।
इंजरी मैनेजमेंट पर उठ सकते हैं गंभीर सवाल
बैठक में भारतीय टीम के इंजरी मैनेजमेंट को लेकर भी काफी गंभीर चर्चा होने की संभावना है। खासतौर पर उन खिलाड़ियों की फिटनेस पर सवाल उठ सकते हैं, जो लंबे समय से चोट के कारण टीम से बाहर हैं या बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं।
अजीत अगरकर और गौतम गंभीर खिलाड़ियों की चोटों और उनके रिहैबिलिटेशन को लेकर स्पष्ट जवाब मांग सकते हैं। हार्दिक पंड्या के अलावा जसप्रीत बुमराह, वॉशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा जैसे खिलाड़ी भी चोटों से जूझ चुके हैं।
लगातार चोटों के कारण खिलाड़ियों की उपलब्धता प्रभावित हो रही है। ऐसे में BCCI इस बात की समीक्षा कर सकता है कि मौजूदा इंजरी मैनेजमेंट सिस्टम कितना प्रभावी है और खिलाड़ियों को फिट रखने के लिए इसमें किस तरह के बदलाव की जरूरत है।
2027 विश्व कप का रोडमैप भी होगा तैयार
आगामी वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए भारतीय टीम के भविष्य का रोडमैप तैयार करना भी बैठक का अहम हिस्सा हो सकता है। चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट की नजर अब ऐसे खिलाड़ियों की पहचान पर होगी, जो अगले विश्व कप तक टीम की जरूरतों को पूरा कर सकें।
हालिया प्रदर्शन की भी होगी समीक्षा
बैठक में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम के प्रदर्शन की भी समीक्षा की जा सकती है। टीम की बल्लेबाजी, गेंदबाजी, चयन और रणनीति से जुड़े पहलुओं पर चर्चा होने की उम्मीद है। इसके साथ ही न्यूजीलैंड के आगामी दौरे के लिए टीम की तैयारियों और संयोजन पर भी मंथन हो सकता है।
कुल मिलाकर BCCI की यह समीक्षा बैठक भारतीय क्रिकेट के अगले कुछ वर्षों की दिशा तय करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हो सकती है। खासकर सीनियर खिलाड़ियों के भविष्य, फिटनेस और 2027 विश्व कप की तैयारी से जुड़े फैसलों पर सभी की नजरें रहेंगी।


