Sports News: भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा एक बार फिर लंदन की सड़कों पर साथ नजर आए हैं। दोनों की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। तस्वीरों में विराट और अनुष्का कैजुअल लुक में दिखाई दे रहे हैं और उनके साथ एक स्ट्रॉलर भी नजर आ रहा है।
बताया जा रहा है कि विराट और अनुष्का अपने बेटे अकाय को डे नर्सरी या स्कूल छोड़ने के लिए निकले थे। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वायरल तस्वीरों में अकाय कहीं नजर नहीं आ रहे हैं, इसलिए यह कहना मुश्किल है कि दोनों वास्तव में बेटे को स्कूल छोड़ने ही गए थे।
तस्वीरों में विराट कोहली हरे रंग की स्वेटशर्ट पहने दिखाई दे रहे हैं, जबकि अनुष्का शर्मा जैकेट, लेगिंग्स और सिर पर टोपी लगाए नजर आ रही हैं। एक तस्वीर में विराट किसी महिला से बातचीत करते हुए दिखाई देते हैं और पास में स्ट्रॉलर रखा हुआ है। वहीं, एक अन्य तस्वीर में अनुष्का कैमरे की तरफ देखती हुई कुछ असहज नजर आ रही हैं।
विराट और अनुष्का अपनी निजी जिंदगी को लेकर काफी सतर्क रहते हैं। यही वजह है कि उनके दोनों बच्चों वामिका और अकाय की तस्वीरें इंटरनेट पर बेहद कम देखने को मिलती हैं। दोनों ने हमेशा कोशिश की है कि उनके बच्चे मीडिया की लगातार नजरों और लाइमलाइट से दूर रहें।
विराट और अनुष्का का लंदन से खास जुड़ाव है और दोनों अक्सर वहां समय बिताते नजर आते हैं। हालांकि, उनकी भारत में भी लगातार आवाजाही रहती है। दोनों धार्मिक स्थलों पर भी जाते रहते हैं। हाल ही में उन्हें उत्तराखंड के कैंची धाम में देखा गया था, जहां नीम करौली बाबा का आश्रम स्थित है। इसके अलावा विराट और अनुष्का वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए भी जाते रहे हैं।
विराट और अनुष्का की लोकप्रियता को देखते हुए उनकी सार्वजनिक मौजूदगी की तस्वीरें अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन जाती हैं। इस बार भी लंदन की सड़कों से सामने आई उनकी तस्वीरों ने फैंस का ध्यान खींच लिया है।


