ढिगावा मंडी। शिक्षिका मनीषा की मौत के मामले को लेकर ढाणी लक्ष्मण स्थित चर्मदास आश्रम में गांव के मौजिज लोगों और सर्व समाज की पंचायत आयोजित की गई। पंचायत में मृतका के पिता संजय और उनके परिजनों ने शपथ लेते हुए कहा कि वे समाज के मौजिज लोगों के सहयोग से न्याय की लड़ाई को सुप्रीम कोर्ट तक जारी रखेंगे।
पंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब भी पीड़ित परिवार को समाज की जरूरत होगी, पूरा समाज उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। पंचायत की अध्यक्षता पूर्व सरपंच शिशमूराम ने की।
भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान मेवासिंह आर्य ने कहा कि अब तक समाज और विभिन्न संगठनों ने पीड़ित परिवार को जो सहयोग दिया है, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि अब मामला कानूनी लड़ाई का है और इसे कानूनी तरीके से ही आगे बढ़ाया जाएगा। जहां भी समाज के सहयोग की आवश्यकता होगी, संगठन पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहेंगे।
सीबीआई जांच रिपोर्ट कोर्ट में जमा, चार्जशीट अभी नहीं
पंचायत में बताया गया कि 7 सितंबर को गांव के 11 मौजिज लोगों की कमेटी पंचकूला स्थित सीबीआई कोर्ट पहुंची थी। कमेटी के अनुसार, सीबीआई जांच टीम ने अपनी जांच रिपोर्ट कोर्ट में जमा कर दी है, लेकिन अभी चार्जशीट दाखिल नहीं की गई है।
कमेटी ने पंचायत को बताया कि कोर्ट की ओर से कहा गया है कि यदि परिवार मामले को आगे लड़ना चाहता है तो वह अपना वकील नियुक्त कर कानूनी प्रक्रिया के तहत केस लड़ सकता है। पंचायत में यह भी बताया गया कि सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट में मौत के मामले को आत्महत्या के रूप में निष्कर्षित किया गया है।
खापों और सामाजिक संगठनों का जताया आभार
मृतका के पिता संजय ने पंचायत के दौरान सभी खापों, सामाजिक संगठनों और किसान संगठनों का सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि न्याय की लड़ाई में समाज का साथ उनके परिवार के लिए महत्वपूर्ण है।
इस मौके पर पूर्व सरपंच शिम्भुराम, मनोहर राम, धर्मपाल, आजाद सिंह भुगला, जयसिंह सरपंच, महावीर पूर्व सरपंच, राजेंद्र कुमार सहित कई ग्रामीण और समाज के मौजिज लोग मौजूद रहे।


