अमृतसर। अमृतसर देहाती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई संगीन मामलों में वांछित मोस्ट वांटेड गैंगस्टर हरमन सिंह उर्फ हरमन बोपाराए को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी की टांग में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, आरोपी की ओर से की गई फायरिंग में थाना मत्तेवाल के एसएचओ दलजीत सिंह की बांह को छूकर गोली निकल गई। हालांकि, वह बाल-बाल बच गए।
मौके पर पहुंचे एसएसपी अमृतसर देहाती कंवलप्रीत सिंह चाहल ने घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि थाना मत्तेवाल के एसएचओ दलजीत सिंह और पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि गैंगस्टर हरमन इलाके में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने भोआ और चुगावां की तरफ नहर के पास नाकाबंदी की थी।
इसी दौरान हरमन सिंह स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर अकेला वहां पहुंचा। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने रुकने के बजाय पिस्तौल निकालकर पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने करीब 3 से 4 राउंड फायर किए। इस दौरान एक गोली एसएचओ दलजीत सिंह की बांह के बेहद करीब से निकल गई।
पुलिस ने पहले हवाई फायर कर आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। इसके बावजूद जब आरोपी ने फायरिंग जारी रखी तो पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की ओर से किए गए करीब तीन फायर में से एक गोली हरमन की टांग में लगी। गोली लगने के बाद वह मौके पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .32 बोर की पिस्तौल, जिंदा कारतूस और इस्तेमाल किए गए कारतूस के खोल बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार हरमन सिंह एक घोषित अपराधी (PO) है और कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था।
एसएसपी के मुताबिक, हरमन गुरदासपुर के हनुमान चौक पर हुए ग्रेनेड हमले के मामले में भी वांछित था। इसके अलावा थाना मत्तेवाल में एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने के आरोप में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और स्नैचिंग समेत तीन बड़े आपराधिक मामले दर्ज हैं।
फिलहाल घायल हरमन को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। रिमांड के दौरान उसके आपराधिक नेटवर्क, साथियों और अन्य वारदातों से जुड़े पहलुओं को लेकर पूछताछ की जाएगी।


