बहादुरगढ़: नया गांव बाईपास पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार डिवाइडर पार कर सामने से आ रही अर्टिगा कार से जा टकराई। हादसे में अर्टिगा सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि 5 महीने की गर्भवती महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, ग्वालियर निवासी रामावतार अपने परिवार के साथ दिल्ली के नांगलोई में रहते हैं। देर रात करीब 11:30 बजे वह परिवार के सदस्यों के साथ अर्टिगा कार से हिसार की ओर रवाना हुए थे। कार में रामावतार, उनके दामाद वीरेंद्र, बेटी लक्ष्मी, फूलन देवी, शिवम और हर्षित सवार थे।
बताया जा रहा है कि नया गांव बाईपास के पास पहुंचते ही सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार अचानक डिवाइडर पार करके दूसरी तरफ आ गई। इसके बाद कार ने रामावतार की अर्टिगा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा और कई लोग कार के अंदर फंस गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत घायलों को वाहनों से बाहर निकालने में मदद की और उन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने फूलन देवी को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में रामावतार के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। वहीं उनकी बेटी लक्ष्मी भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। लक्ष्मी करीब 5 महीने की गर्भवती बताई जा रही हैं। उनकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए दिल्ली के एक बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया। वीरेंद्र और शिवम का इलाज भी अस्पताल में जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतका के शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। पुलिस के अनुसार, परिजनों के बयान दर्ज करने और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस हादसे की वजह और सामने से डिवाइडर पार कर आई कार के चालक की भूमिका की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पीड़ित परिवार में मातम पसरा हुआ है।


