चंडीगढ़। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार सुबह सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हड़कंप मच गया। धमकी भरी कॉल की सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया।
सूचना मिलते ही हाई कोर्ट परिसर में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई। मौके पर पीसीआर वाहन, दमकल की गाड़ियां और एंबुलेंस भी पहुंचीं। सुरक्षा एजेंसियों की टीमें परिसर और आसपास के इलाकों में जांच करने में जुट गईं।
बम की धमकी को देखते हुए हाई कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले लोगों और वाहनों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा टीमों की ओर से परिसर में संदिग्ध वस्तुओं और वाहनों की जांच की जा रही है।
फिलहाल धमकी किस व्यक्ति ने दी और कॉल का स्रोत क्या था, इसे लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। एहतियात के तौर पर हाई कोर्ट परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था कायम रखी गई है।


