नीमराना: जयपुर–दिल्ली नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर रविवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरियाणा रोडवेज की बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक बस के साथ करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में बाइक सवार मामा और उनकी 8 वर्षीय भांजी की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
बाइक से जा रहे थे मामा, बहन और भांजी
जानकारी के अनुसार, खेड़की-तितारा गांव के मुंडा अहीर निवासी सचिन शर्मा अपनी बहन कविता शर्मा और 8 वर्षीय भांजी तान्या शर्मा के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। तीनों कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र स्थित अपने गांव से मावाड़ी की ओर निकले थे।
बताया जा रहा है कि नीमराना थाना क्षेत्र में सर्विस रोड पर पहुंचने के दौरान जयपुर से दिल्ली की ओर जा रही हरियाणा रोडवेज की बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
बस के नीचे फंसे बाइक सवार
टक्कर इतनी तेज थी कि सचिन शर्मा और उनकी भांजी तान्या बस के नीचे फंस गए। बस बाइक को घसीटते हुए करीब 50 मीटर तक आगे ले गई। इसके बाद बस सर्विस रोड पर खड़ी एक निजी बस से टकराकर रुकी।
हादसे में सचिन और उनकी 8 वर्षीय भांजी तान्या की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल महिला को जयपुर किया रेफर
हादसे में कविता शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सचखंड अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जयपुर रेफर कर दिया।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही नीमराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर नीमराना के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
पुलिस ने हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया है। दुर्घटना कैसे हुई और इसमें किसकी लापरवाही थी, इसकी जांच की जा रही है।


