रायपुर। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम के साथ स्वर्ण पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी संजू देवी ने सोमवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने संजू देवी को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनका सम्मान किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने संजू देवी के लिए 51 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि संजू देवी ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ के साथ-साथ देश का नाम रोशन किया है।
बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए बनीं प्रेरणा
मुख्यमंत्री साय ने संजू देवी के साथ एशियन गेम्स के अनुभवों और भारतीय महिला कबड्डी टीम के प्रदर्शन को लेकर बातचीत की। उन्होंने खिलाड़ी की मेहनत और खेल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी खिलाड़ी की उपलब्धि सिर्फ उसकी व्यक्तिगत सफलता नहीं होती। उसकी कामयाबी से हजारों युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। संजू देवी की सफलता से छत्तीसगढ़ के गांवों और छोटे शहरों में खेल के क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं का उत्साह बढ़ेगा।
महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की महिला कबड्डी प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की रहने वाली संजू देवी ने भी टीम का हिस्सा रहते हुए योगदान दिया।
खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में खिलाड़ियों के लिए बेहतर माहौल तैयार करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों में मौजूद प्रतिभाओं को प्रशिक्षण, संसाधन और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलें।
उन्होंने कहा कि संजू देवी जैसी खिलाड़ियों की उपलब्धियां राज्य की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के सरकार के प्रयासों को और मजबूती देती हैं।
सम्मान से बढ़ा आत्मविश्वास
संजू देवी ने सम्मान और प्रोत्साहन राशि की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार से मिला यह सम्मान और सहयोग उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने आगे भी देश और प्रदेश के लिए बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प व्यक्त किया।


