मुंबई। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं। रणबीर कपूर के 44वें जन्मदिन के मौके पर मेकर्स ने फिल्म की मेकिंग से जुड़ा एक खास BTS वीडियो जारी किया, जिसमें उनके राम के किरदार के लिए चयन और ट्रांसफॉर्मेशन की झलक देखने को मिली।
दो भागों में बन रही इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे।
रणबीर के लिए राम का किरदार सिर्फ एक रोल नहीं
BTS वीडियो में निर्देशक नितेश तिवारी ने बताया कि ‘रामायण’ जैसी कहानी के लिए कलाकारों का चयन बेहद महत्वपूर्ण है। इस महाकाव्य से लोगों की गहरी आस्था और भावनाएं जुड़ी हुई हैं, इसलिए किरदारों के लिए सही कलाकार चुनना बड़ी जिम्मेदारी है।
वहीं रणबीर कपूर ने भगवान राम की भूमिका निभाने को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि वह इसे केवल एक फिल्म या सामान्य किरदार के तौर पर नहीं देखते, बल्कि इसे एक जिम्मेदारी मानते हैं।
रणबीर के मुताबिक, यह भूमिका उनके लिए सिर्फ इसलिए खास नहीं है कि किरदार दिलचस्प है, बल्कि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे लोगों की भावनाएं जुड़ी हैं।
रणबीर के राम रूप को देखकर हैरान रह गईं साई पल्लवी
फिल्म में माता सीता का किरदार निभा रहीं साई पल्लवी ने भी रणबीर कपूर के राम के रूप को लेकर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने बताया कि बचपन से ही उनके मन में भगवान राम की एक खास छवि रही है।
साई पल्लवी के अनुसार, उनके मन में राम की छवि एक शांत और सरल व्यक्तित्व वाले किरदार की थी, जिनका सिर थोड़ा झुका हुआ हो और हाथ में धनुष हो। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने रणबीर को राम के रूप में देखा तो उन्हें ऐसा लगा जैसे बचपन में उनके मन में बसी वही छवि उनके सामने आ गई हो।
रवि दुबे ने रणबीर की सादगी की तारीफ की
‘रामायण’ में लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे रवि दुबे ने भी रणबीर कपूर की तारीफ की। उन्होंने कहा कि भगवान राम के व्यक्तित्व में जो सादगी दिखाई देती है, वह उन्हें रणबीर की आंखों में भी कई बार नजर आती है।
BTS वीडियो में फिल्म के किरदारों और कलाकारों की तैयारियों की झलक ने ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। फिल्म की कहानी, भव्य विजुअल्स और कलाकारों के किरदारों को लेकर अब दर्शकों की नजर इसकी रिलीज से जुड़ी अगली अपडेट पर है।


