पेरिस। बॉलीवुड एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय बच्चन ने एक बार फिर अपने शानदार अंदाज से पेरिस फैशन वीक में लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। एफिल टॉवर के खूबसूरत बैकग्राउंड में आयोजित ‘लॉरियल पेरिस ले डेफिले 2026’ में ऐश्वर्या ने रैंप वॉक किया। जैसे ही वह रैंप पर उतरीं, कैमरों का फोकस उन्हीं पर टिक गया।
लॉरियल पेरिस की लंबे समय से एंबेसडर रहीं ऐश्वर्या ने इस खास मौके पर डिजाइनर यारा शूमेकर के फॉल/विंटर 2026-27 कलेक्शन की ड्रेस पहनी। उनका पूरा लुक रॉयल और ग्लैमरस नजर आया। सोशल मीडिया पर भी फैंस उनके लुक की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
ब्लैक वेलवेट गाउन में दिखा रॉयल अंदाज
ऐश्वर्या ने इवेंट के लिए काले रंग की फिटेड वेलवेट ड्रेस चुनी थी। आउटफिट पर खास टेक्सचर के साथ 3D फ्रिंज एम्ब्रॉयडरी की गई थी। इसके ऊपर क्रिस्टल से सजा केप उनके लुक को और आकर्षक बना रहा था।
एक्ट्रेस ने ड्रेस के साथ क्राउन स्टाइल हेडपीस कैरी किया। हालांकि, उनके आउटफिट के साथ-साथ उनके बरगंडी रंग के बाल भी चर्चा का विषय रहे। पूरे लुक में ऐश्वर्या का अंदाज काफी अलग और आकर्षक दिखाई दिया।
इस लुक को मोहित राय, तरंग अग्रवाल और चिंतन शाह ने स्टाइल किया था। स्टाइलिंग में आउटफिट की डिजाइन और उसकी बारीक डिटेल्स को खास तौर पर उभारा गया।
इंटरनेशनल सितारों के साथ नजर आईं ऐश्वर्या
पेरिस फैशन वीक के इस इवेंट में ऐश्वर्या राय के अलावा कई इंटरनेशनल सितारे भी शामिल हुए। इनमें सिमोन एशली, सेलिन डियोन, ईवा लोंगोरिया और केंडल जेनर जैसे नाम शामिल रहे।
शो के दौरान सितारों ने रैंप पर खूब मस्ती की। इवेंट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ऐश्वर्या राय और सेलिन डियोन एक-दूसरे के साथ नजर आ रही हैं। दोनों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर डांस किया और इस दौरान जमकर हंसी-मजाक भी किया।
एक अन्य वायरल पल में ऐश्वर्या, सेलिन डियोन को गले लगाती हुई दिखाई दीं। पेरिस के इस फैशन इवेंट में ऐश्वर्या के लुक और उनकी मौजूदगी ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोरी।


