HomeHaryanaइंस्टाग्राम पर दोस्ती, शादी का झांसा देकर इटली की महिला से 98...

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, शादी का झांसा देकर इटली की महिला से 98 हजार की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

गुरुग्राम। इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद शादी का झांसा देकर और AI वीडियो बनाने का काम दिलाने के नाम पर इटली की एक महिला से करीब 98 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। साइबर क्राइम थाना पश्चिम पुलिस ने मामले में 36 वर्षीय आरोपी अखिल मौर्या को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से ठगी में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, इटली की रहने वाली महिला की पहचान गुरुग्राम निवासी अखिल मौर्या से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। आरोपी ने खुद को AI फिल्म क्रिएटर बताया और बातचीत के दौरान महिला से शादी करने का भरोसा दिया। इसके बाद उसने AI वीडियो बनाने से जुड़े काम के लिए महिला से पैसे मांगे।

दो बार में भेजे 900 यूरो

पुलिस के अनुसार, महिला ने आरोपी को Western Union के माध्यम से दो किस्तों में रकम भेजी। 4 अगस्त को उसने 450 यूरो और 10 सितंबर को 450 यूरो ट्रांसफर किए। इस तरह महिला ने कुल 900 यूरो भेजे, जिसकी भारतीय मुद्रा में कीमत करीब 98 हजार रुपये बताई गई है।

इटली से गुरुग्राम पहुंचकर दी शिकायत

महिला 28 सितंबर को इटली से गुरुग्राम पहुंची। यहां उसने एसीपी साइबर क्राइम गौरव फोगाट से मुलाकात कर मामले की लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना पश्चिम में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के बाद पुलिस ने 1 अक्टूबर को आरोपी अखिल मौर्या को सेक्टर-17 से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ का रहने वाला है और वर्तमान में गुरुग्राम के सुखराली इलाके में रह रहा था।

नौकरी जाने के बाद महिला से किया संपर्क

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले एक निजी कंपनी में टेक्निकल सपोर्ट के तौर पर काम करता था। जुलाई 2025 में नौकरी छूटने के बाद उसने कथित तौर पर पैसों के लालच में महिला से संपर्क किया और उससे रकम मंगवाई।

पुलिस के मुताबिक, महिला द्वारा Western Union के जरिए भेजी गई रकम को आरोपी ने गुरुग्राम स्थित Muthoot Finance के माध्यम से अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कराया। बैंक शुल्क कटने के बाद उसके खाते में 67,297 रुपये पहुंचे।

पुलिस अब मामले में आरोपी से पूछताछ कर ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments