HomeHaryanaसोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और कोर्ट में रील, युवक...

सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और कोर्ट में रील, युवक पर आर्म्स एक्ट का केस

कनीना (महेंद्रगढ़)। महेंद्रगढ़ जिले के कनीना में सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ तस्वीरें और वीडियो पोस्ट करना एक युवक के लिए मुश्किल खड़ी कर सकता है। नारनौल कोर्ट परिसर में रील बनाने और इंस्टाग्राम पर हथियारों के प्रदर्शन का आरोप लगने के बाद कनीना पुलिस ने राहुल उर्फ कालू के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी इंस्टाग्राम पर ‘राहुल पंडित’ नाम से अकाउंट चलाता है। कनीना क्षेत्र के एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर सदर थाना कनीना में केस दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि हथियारों के प्रदर्शन और बदमाशी वाले गानों के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने से युवाओं में अपराध की प्रवृत्ति को बढ़ावा मिल सकता है।

हथियारों के साथ फोटो-रील पोस्ट करने का आरोप

गुढ़ा निवासी शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि राहुल उर्फ कालू अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर हथियारों और गोलियों के साथ तस्वीरें और रील पोस्ट करता है। शिकायतकर्ता ने इन पोस्ट से जुड़े वीडियो और अन्य सबूत भी पुलिस को सौंपे हैं।

शिकायत में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर इस तरह हथियारों का प्रदर्शन और गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गानों का इस्तेमाल युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है।

नारनौल कोर्ट परिसर में भी बनाई रील

आरोपी पर कोर्ट परिसर में रील बनाने का भी आरोप है। शिकायत के अनुसार, युवक ने नारनौल कोर्ट की गैलरी में बैठकर वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो में पीछे अदालत परिसर दिखाई दे रहा है और बैकग्राउंड में कथित तौर पर बदमाशी से जुड़ा गाना बज रहा है।

हालांकि, पुलिस के अनुसार कोर्ट परिसर में बनाई गई इस वीडियो में युवक के पास कोई हथियार दिखाई नहीं दे रहा है।

पुलिस कर रही हथियार की वैधता की जांच

शिकायत मिलने के बाद सदर थाना कनीना पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धाराओं 25, 54 और 59 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मौजूद फोटो और वीडियो की जांच कर रही है।

जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सोशल मीडिया पोस्ट में दिखाई दे रहा हथियार किसका है, उसके पास उसका वैध लाइसेंस है या नहीं और आरोपी तक हथियार कैसे पहुंचा। पुलिस वीडियो की तारीख और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments