पंजाब डेस्क: नवरात्रि की अष्टमी के अवसर पर पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सरदार परगट सिंह ने हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध श्री माता चिंतपूर्णी मंदिर में माथा टेककर माता रानी का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने पंजाब सहित पूरे देश की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने देशवासियों को नवरात्रि और अष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी रहे साथ
माता चिंतपूर्णी के दरबार में इस अवसर पर पंजाब कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। इनमें पंजाब कांग्रेस के सह-प्रभारी सूरज सिंह ठाकुर, सांसद गुरजीत सिंह औजला, पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु, ब्रह्म मोहिंद्रा, संगत सिंह गिलजियां और शाम सुंदर अरोड़ा शामिल थे।
इसके अलावा पूर्व विधायक इंदु बाला, पवन आदिया और मिक्की डोगरा सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी मंदिर में माथा टेककर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
देश में सुख-समृद्धि और आपसी सद्भाव की कामना
इस पावन अवसर पर सरदार परगट सिंह ने सभी देशवासियों को नवरात्रि और अष्टमी की बधाई दी। उन्होंने कामना की कि पंजाब और पूरे देश में खुशहाली आए, लोगों के बीच आपसी सद्भाव मजबूत हो और जनकल्याण के कार्यों को बढ़ावा मिले।


