लुधियाना। पंजाब के लुधियाना स्थित चंद्र नगर (हरगोबिंद नगर) इलाके में सड़क हादसे के बाद दो पक्षों के बीच खूनी झड़प का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हुंडई क्रेटा कार और ई-रिक्शा के बीच हुई मामूली भिड़ंत ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया, जिसके बाद इलाके में जमकर मारपीट, तोड़फोड़ और पथराव हुआ।
मामूली टक्कर के बाद भड़का विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक अपने परिवार के साथ जा रहा था, जबकि ई-रिक्शा में चालक के साथ एक सवारी मौजूद थी। दोनों वाहनों की हल्की सी टक्कर के बाद जुबानी जंग शुरू हो गई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। विवाद बढ़ते ही आक्रोशित भीड़ ने कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से घबराकर कार चालक ने अपनी और परिवार की सुरक्षा के लिए गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी।
बोनट पर घसीटा, पीछे से हुई ईंट-पत्थरबाजी
गाड़ी भगाने की आपाधापी में एक व्यक्ति क्रेटा के बोनट पर आ गिरा। चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय बोनट पर लटके शख्स को करीब आधा किलोमीटर तक घसीटा। इस खौफनाक दृश्य को देख लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और आक्रोशित भीड़ ने कार को रोकने के लिए पीछे से ताबड़तोड़ ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। सड़क पर हुए इस तांडव से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
CCTV में कैद हुई घटना, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही थाना हैबोवाल के अंतर्गत आने वाली जगतपुरी पुलिस चौकी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है।
यह पूरी खौफनाक वारदात आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।


