PUNJAB DESK : पंजाब के फाजिल्का जिले में एक परिवार उस समय दहशत में आ गया, जब एक कार सवार व्यक्ति का पीछा कर रहे अज्ञात लोगों ने उसके घर के पास पहुंचकर वाहन पर गोलियां चला दीं। कार में व्यक्ति के साथ उसकी महज एक साल की बेटी भी मौजूद थी। राहत की बात यह रही कि दोनों सुरक्षित बच गए। घटना गांव सुरेश वाला की बताई जा रही है और पूरी वारदात गांव में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।
बाजार से घर लौटते समय शुरू हुआ पीछा
पीड़ित मनीष कुमार के मुताबिक, वह अपनी छोटी बेटी के साथ फाजिल्का के स्मार्ट पॉइंट मार्केट में खरीदारी करने गया था। वापस लौटते समय एमसी कॉलोनी के नजदीक एक स्विफ्ट कार में सवार कुछ लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की। मनीष ने उनकी बात का जवाब नहीं दिया और अपनी गाड़ी आगे बढ़ा दी। इसके बाद दूसरी कार में बैठे लोगों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। स्थिति को भांपते हुए मनीष ने अपनी गाड़ी की रफ्तार बढ़ाई और गांवों के रास्ते अपने गांव सुरेश वाला पहुंचने की कोशिश की।
घर के नजदीक पहुंचते ही हुई फायरिंग
मनीष के अनुसार, पीछा कर रहे लोग करीब तीन किलोमीटर तक उसके पीछे आते रहे। गांव में घर के पास पहुंचने पर आरोपियों ने उसकी कार को निशाना बनाकर दो गोलियां चलाईं। अपनी और बेटी की सुरक्षा के लिए मनीष ने तुरंत गाड़ी आगे बढ़ाई और अपने ताया के घर में जाकर शरण ली। गोलीबारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, कार पर गोलियों के निशान आने की बात सामने आई है।
CCTV फुटेज और खाली खोल पुलिस को सौंपे
गांव के सरपंच सुधीर कुमार झींझा ने बताया कि घटना के बाद मौके से मिले खाली कारतूस पुलिस को सौंप दिए गए हैं। इसके साथ ही CCTV फुटेज और घटना से जुड़ी जानकारी भी पुलिस के हवाले की गई है। मनीष ने बताया कि उसे यह जानकारी नहीं है कि हमलावर कौन थे और उन्होंने उसका पीछा करके गोलीबारी क्यों की।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फायरिंग की सूचना मिली है और मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल हमले के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है।


