SPORTS DESK : विश्व फुटबॉल की सबसे बड़ी संस्था FIFA के अध्यक्ष पद को लेकर मुकाबला दिलचस्प होता नजर आ रहा है। यूरोपीय फुटबॉल की नियामक संस्था UEFA ने फ्रांस फुटबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष फिलिप डियालो को मौजूदा FIFA अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए अपना समर्थन दिया है। UEFA ने 16 नवंबर को जारी बयान में बताया कि यूरोपीय राष्ट्रीय संघों ने डियालो की उम्मीदवारी का सर्वसम्मति से समर्थन किया है।
डियालो ने इस निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है। उनकी उम्मीदवारी पर फ्रांस फुटबॉल फेडरेशन (FFF) की कार्यकारी समिति की बैठक में औपचारिक मुहर लगाई जानी है। FIFA अध्यक्ष पद के लिए चुनाव 18 मार्च 2027 को मोरक्को की राजधानी रबात में आयोजित होने वाले FIFA कांग्रेस के दौरान होगा।
55 सदस्यीय UEFA ने जताया भरोसा
UEFA के अंतर्गत 55 राष्ट्रीय फुटबॉल संघ आते हैं। संस्था के अध्यक्ष अलेक्जेंडर सेफेरिन की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद डियालो को चुनाव में उतरने का न्योता दिया गया। जर्मन फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष बर्न्ड नोयेनडॉर्फ ने भी उन्हें एक बेहतरीन उम्मीदवार बताया है। उम्मीदवारों के नामांकन की अंतिम तारीख 18 नवंबर तय की गई है। ऐसे में डियालो की उम्मीदवारी को लेकर आने वाले दिनों में तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है।
इन्फेंटिनो से क्यों नाराज है UEFA?
UEFA और FIFA अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो के बीच पिछले कुछ महीनों से मतभेद सामने आ रहे हैं। विवाद की एक बड़ी वजह विश्व कप से जुड़े व्यावसायिक अधिकारों में निजी निवेशकों की हिस्सेदारी बेचने की इन्फेंटिनो की योजना रही। इस प्रस्ताव का विरोध होने के बाद इसे वापस ले लिया गया था। फ्रांस फुटबॉल फेडरेशन ने भी सितंबर 2026 में इन्फेंटिनो के दोबारा चुनाव लड़ने के समर्थन से अपना नाम वापस ले लिया था। उस समय डियालो ने FIFA के कामकाज और नेतृत्व को लेकर भरोसे में कमी की बात कही थी।
कौन हैं फिलिप डियालो?
63 वर्षीय फिलिप डियालो जनवरी 2023 से फ्रांस फुटबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष हैं। शुरुआत में उन्हें अंतरिम जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिसके बाद जून 2023 में वह इस पद पर निर्वाचित हुए। दिसंबर 2024 में उन्हें दोबारा चार साल के कार्यकाल के लिए चुना गया। दूसरी ओर, जियानी इन्फेंटिनो 2016 से FIFA अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और 2027 में एक और कार्यकाल हासिल करने की कोशिश में हैं। एशियाई फुटबॉल परिसंघ पहले ही इन्फेंटिनो को समर्थन देने की घोषणा कर चुका है। ऐसे में डियालो के सामने यूरोप के बाहर भी समर्थन जुटाने की बड़ी चुनौती होगी।


