मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पार्टी में किया स्वागत
2027 विधानसभा चुनाव से पहले जालंधर की राजनीति में नई हलचल
PUNJAB DESK । पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों के बीच नेताओं के आने-जाने का सिलसिला तेज हो गया है। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी को दो नए चेहरे मिले हैं। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पूर्व डीएसपी सुरेंद्र कुमार धोगड़ी और भाजपा युवा मोर्चा के वरिष्ठ प्रदेश नेता प्रशांत गंभीर को आम आदमी पार्टी में शामिल करवाया।
प्रशांत गंभीर के भाजपा छोड़कर AAP में आने को जालंधर उत्तर की राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि वह मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी की नीतियों और सरकार की कार्यशैली पर भरोसा जताया।
जालंधर उत्तर में AAP को मजबूत करने की उम्मीद
प्रशांत गंभीर की एंट्री को जालंधर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार के लिहाज से अहम माना जा रहा है। उनके पार्टी में शामिल होने से स्थानीय स्तर पर AAP की गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
रिटायरमेंट के बाद सुरेंद्र धोगड़ी की राजनीति में एंट्री
वहीं, पूर्व डीएसपी सुरेंद्र कुमार धोगड़ी ने पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद राजनीति में कदम रखा है। वह जालंधर देहाती क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान का आभार जताया। 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए AAP ने अब तक 71 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। ऐसे समय में दो नए चेहरों का पार्टी से जुड़ना पंजाब की स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।


