HomePunjabदादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अमृतपाल सिंह ने...

दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अमृतपाल सिंह ने फिर मांगी अंतरिम जमानत

अदालत ने पंजाब सरकार से मांगा जवाब

PUNJAB DESK : खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए एक बार फिर अदालत का रुख करना पड़ा है। पहले मिली तीन घंटे की अस्थायी रिहाई की अनुमति तय तारीख पर लागू नहीं हो सकी थी। इसके बाद उनके वकीलों ने नई याचिका दाखिल कर तीन दिन की अंतरिम जमानत देने की मांग की है। अमृतपाल सिंह के वकीलों के अनुसार, उनकी दादी चरण कौर का 8 नवंबर को निधन हो गया था। परिवार ने उनके अंतिम संस्कार और धार्मिक रस्मों में अमृतपाल की मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए अदालत में याचिका दायर की थी।

इससे पहले अदालत ने अमृतपाल सिंह को 14 नवंबर को तीन घंटे के लिए अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा जाने की अनुमति दी थी। लेकिन असम की डिब्रूगढ़ जेल से उन्हें निर्धारित समय पर पंजाब लाने की व्यवस्था नहीं हो सकी। इस कारण अदालत का पुराना आदेश लागू नहीं हो पाया। अब बचाव पक्ष ने 21 से 23 नवंबर तक तीन दिन की अंतरिम जमानत मांगी है। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक, 21 नवंबर को अंतिम संस्कार, 22 नवंबर को अस्थियां एकत्र करने और 23 नवंबर को भोग की रस्म में शामिल होने की अनुमति मांगी गई है।

अदालत ने नई याचिका पर सुनवाई करते हुए पंजाब सरकार को नोटिस जारी किया है और उसका जवाब मांगा है। सरकार की ओर से मंगलवार को जवाब दाखिल किए जाने की संभावना है, जिसके बाद अदालत इस मामले में आगे फैसला ले सकती है। अमृतपाल के अलावा उनके चाचा हरजीत सिंह और चचेरे भाई सुखमनप्रीत सिंह के लिए भी संबंधित जेलों से पैरोल की मांग की गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments