HomePunjabगोल्डन टेंपल के बाहर श्रद्धालुओं को कमरों के लिए रोकने वालों पर...

गोल्डन टेंपल के बाहर श्रद्धालुओं को कमरों के लिए रोकने वालों पर निहंगों की कार्रवाई, युवकों से मारपीट का वीडियो वायरल

अमृतसर: श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेकने के लिए देश-विदेश से पहुंचने वाली संगत को गोल्डन टेंपल के आसपास कुछ लोगों की गतिविधियों के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि कुछ होटल और कमरे उपलब्ध करवाने वाले लोग रास्ते में ही श्रद्धालुओं को रोककर उन्हें कमरा लेने के लिए आवाजें लगाते हैं। इस मामले को लेकर निहंगों ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें निहंग कुछ युवकों को रोककर उनसे पूछताछ करते और थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ 54 सेकेंड का वीडियो

इंस्टाग्राम अकाउंट ‘ऑफिशियल राजवीर सिंह अकाली’ पर अपलोड किए गए 54 सेकेंड के वीडियो में निहंग एक युवक को रास्ते में रोककर उससे पूछताछ करते नजर आ रहे हैं। युवक अपने बचाव में कहता है कि उसका खुद का होटल है। इस पर निहंग उसे समझाते हैं कि कई बार मना करने के बावजूद वह रास्ते से गुजरने वाले श्रद्धालुओं को रोककर कमरों के बारे में पूछता है।

वीडियो में इसके बाद निहंग युवक को थप्पड़ मारते दिखाई देते हैं। युवक की ओर से दोबारा सवाल करने पर उसे फिर थप्पड़ मारे जाते हैं। इसी वीडियो में दो अन्य युवकों के साथ भी मारपीट होती दिखाई दे रही है।

महिलाओं को भी रास्ते में रोककर कमरों के लिए पूछने का आरोप

निहंग परमजीत सिंह अकाली ने आरोप लगाया कि कुछ लोग श्रद्धालुओं को रोकते समय किसी रिश्ते या मर्यादा का भी ध्यान नहीं रखते। कई बार परिवार के साथ जा रही महिलाओं को भी कमरा लेने के लिए रोका जाता है। अगर कोई महिला अपने भाई या बेटे के साथ जा रही हो, तब भी उससे कमरे की जरूरत के बारे में पूछा जाता है। इससे बाहर से आने वाली संगत को परेशानी होती है और अमृतसर की धार्मिक नगरी की छवि भी प्रभावित होती है।

उन्होंने कहा कि श्री हरिमंदिर साहिब और श्री गुरु रामदास जी की नगरी में श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ माथा टेकने आते हैं। ऐसे में रास्तों पर लोगों को रोककर कमरों के लिए परेशान करना उचित नहीं है। जिसे ठहरने के लिए कमरे की जरूरत होगी, वह खुद होटल या सराय में जाकर कमरा ले सकता है। श्रद्धालुओं को जबरन रोकने और परेशान करने की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

चार महीने पहले भी सामने आया था ऐसा मामला

गौरतलब है कि करीब चार महीने पहले भी गोल्डन टेंपल के आसपास कमरों के लिए श्रद्धालुओं को आवाजें लगाने वाले लोगों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस वीडियो में एक महिला ने शिकायत की थी कि अगर कोई गरीब व्यक्ति भी धार्मिक नगरी में घूमने के लिए आता है तो कमरे उपलब्ध करवाने वाले लोग उसे काफी परेशान करते हैं।

उस समय भी निहंगों ने ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की थी। अब एक बार फिर इस तरह का मामला सामने आने के बाद गोल्डन टेंपल के आसपास श्रद्धालुओं को रोककर कमरे लेने के लिए कहने की गतिविधियां चर्चा में हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments