ENTERTAINMENTT DESK : फिल्म ‘जोश’ में शाहरुख खान के साथ काम कर चुके अभिनेता शरद कपूर इन दिनों अपनी काम वापसी को लेकर चर्चा में हैं। काम के लिए सोशल मीडिया पर भावुक अपील करने के बाद अब उन्होंने खुलासा किया है कि शाहरुख खान ने उनसे संपर्क किया और मदद का भरोसा दिया।
शरद कपूर ने एक बातचीत में बताया कि उनकी अपील सामने आने के बाद शाहरुख खान ने उन्हें फोन किया था। अभिनेता के मुताबिक, शाहरुख ने उन्हें अपनी पसंद के अनुसार काम करने और जरूरत पड़ने पर सहयोग देने की बात कही। शरद ने यह भी बताया कि वह जल्द ही आर्यन खान से मुलाकात करने वाले हैं।
शाहरुख के साथ फिल्म ‘जोश’ में काम करने के अनुभव को याद करते हुए शरद कपूर ने कहा कि दोनों के बीच शूटिंग के दौरान अच्छा तालमेल था। उन्होंने बताया कि कई बार शाहरुख किसी संवाद को लेकर अटक जाते थे, तो वह उनकी मदद करते थे, भले ही उस दृश्य में उनका किरदार शाहरुख के सामने होता। शरद के मुताबिक, वह हमेशा फिल्म को बेहतर बनाने की सोच रखते थे।
अभिनेता ने यह भी बताया कि सोनू सूद ने उनकी चोट के इलाज के लिए डॉक्टरों और मेडिकल सुविधाओं की व्यवस्था करने में मदद की है। पैर में चोट के कारण वह फिलहाल स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से गुजर रहे हैं और इलाज के लिए करजत जाने की तैयारी कर रहे हैं। इससे पहले शरद कपूर ने फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से काम देने की अपील की थी। उन्होंने स्पष्ट किया था कि उनकी प्राथमिकता आर्थिक मदद नहीं, बल्कि अभिनय के अवसर हासिल करना है। वह दोबारा फिल्मों, टीवी और अन्य प्रोजेक्ट्स में काम शुरू करना चाहते हैं।
शरद कपूर ने अपने करियर में ‘जोश’, ‘दस्तक’, ‘लक्ष्य’, ‘एलओसी कारगिल’ और ‘जय हो’ जैसी फिल्मों में काम किया है। ‘जोश’ में प्रकाश शर्मा के किरदार से उन्हें विशेष पहचान मिली थी। अब अभिनेता एक बार फिर पर्दे पर वापसी करने की उम्मीद कर रहे हैं।


