चंडीगढ़: श्री गुरु तेग़ बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में पंजाब राज्य सूचना आयोग ने एक विशेष समारोह आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्य सूचना आयुक्त इंदरपाल सिंह धन्ना की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में गुरु साहिब के आध्यात्मिक जीवन और उनकी शहादत को दर्शाने वाला एक विशेष चित्रकारी ब्रोशर (किताबचा) जारी किया गया। इस अवसर पर राज्य सूचना आयुक्त हरप्रीत संधू और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
समारोह के दौरान गुरु साहिब के जीवन पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई, जिसे तैयार करने में हरप्रीत संधू ने विशेष योगदान दिया है। मुख्य सूचना आयुक्त ने कहा कि यह प्रकाशन नौवें गुरु के शांति, धार्मिक स्वतंत्रता और आपसी भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का एक विनम्र प्रयास है। हरप्रीत संधू द्वारा लिखित और संकलित यह पुस्तक उन ऐतिहासिक स्थानों के दृश्यों को सहेजती है जहां गुरु साहिब के चरण पड़े थे। इसे पहले ही पंजाब के राज्यपाल द्वारा जारी किया जा चुका है।
