फाजिल्का में सरहद पार की साजिश नाकाम: पाकिस्तान से आए हथियार और ग्रेनेड के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Punjab

फाजिल्का: पंजाब पुलिस के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) फाजिल्का ने सीमा पार से चल रहे हथियारों की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने जानकारी दी कि पुलिस ने एक गुप्त ऑपरेशन के दौरान दो तस्करों, विक्रम सिंह और प्रभजोत सिंह उर्फ प्रभ को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजे गए दो हैंड ग्रेनेड, एक 9एमएम ग्लॉक पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों की बिना नंबर वाली मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हथियार और गोला-बारूद पंजाब में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए मंगवाया गया था। एआईजी एसएसओसी गुरसेवक सिंह बराड़ ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर जलालाबाद क्षेत्र के गांव चक मौजदीन वाला में जाल बिछाया गया। आरोपी खेप की डिलीवरी देने जा रहे थे, तभी उन्हें दबोच लिया गया। पुलिस अब इन तस्करों के आगे और पीछे के लिंक खंगाल रही है, और अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़ी और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *