श्री आनंदपुर साहिब: पंजाब सरकार द्वारा आयोजित विशाल ‘सरबत दा भला’ समागम में भारी संख्या में संगत ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में हुए इस आयोजन में कैबिनेट मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं ने श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत को श्रद्धांजलि अर्पित की। ‘आप’ पंजाब अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने गुरु साहिब को ‘हिंद दी चादर’ बताते हुए कहा कि इतिहास में पहली बार किसी ने तिलक-जंजू और दूसरे धर्म की रक्षा के लिए अपनी जान कुर्बान की। उन्होंने भाई मती दास, भाई सती दास और भाई दयाला जी की शहादतों को भी याद किया और कहा कि यह समागम युवा पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने का प्रयास है।
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने इस मौके पर ऐलान किया कि गुरुद्वारा सीस गंज साहिब और गुरुद्वारा केसगढ़ साहिब को जोड़ने के लिए एक नया गलियारा बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पवित्र नगरी को सफेद रंग में रंगने और हेरिटेज स्ट्रीट बनाने का काम भी जोरों पर है। पर्यटन मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस आयोजन के लिए बजट की कोई कमी नहीं आने दी। सांसद मालविंदर सिंह कंग ने संगत का स्वागत किया। इस अवसर पर निहंग सिंह जत्थेबंदियों के मुखी और पंजाब कैबिनेट के कई मंत्री मौजूद रहे।
