चंडीगढ़/अमृतसर: पंजाब पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने सीमा पार से चल रहे नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने अमृतसर ग्रामीण के भिंडी औलख गांव से कुलदीप सिंह नामक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से 5 किलो हेरोइन बरामद की है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि कुलदीप पाकिस्तान स्थित तस्कर अवान के संपर्क में था, जो ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थों की खेप भारत भेजता था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सीमावर्ती गांव में नशे की बड़ी खेप पहुंचने वाली है। इसी आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। उसके पास से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जिसका इस्तेमाल वह तस्करी के लिए करता था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ताकि इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके।
