चंडीगढ़/टोक्यो: जापान दौरे की शुरुआत करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने टोक्यो के एडोगावा गांधी पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने गांधीजी को विश्व का एकमात्र ऐसा नेता बताया जिन्होंने अहिंसा और शांति के बल पर आजादी की लड़ाई जीती। मान ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को गांधीजी के मानवतावादी दर्शन और शांति के सिद्धांतों को अपनाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधीजी का जीवन और बलिदान हमेशा एक प्रकाश स्तंभ की तरह हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा। उन्होंने कहा कि एक समानता-आधारित समाज के निर्माण के लिए शांति और अहिंसा का मार्ग अपनाना बेहद जरूरी है। मान ने कहा कि पूरी दुनिया आज भी गांधीजी के सत्य, प्रेम और अहिंसा के संदेश को याद करती है और हम सभी उनके ऋणी हैं।
