चंडीगढ़: पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने केंद्र सरकार के ‘संचार साथी’ मोबाइल ऐप को निजता पर हमला बताते हुए इसकी कड़ी आलोचना की है। उन्होंने इस ऐप की तुलना कुख्यात जासूसी सॉफ्टवेयर ‘पेगासस’ से की है। चीमा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इस ऐप के जरिए देश के 144 करोड़ लोगों की जासूसी करने और उनका निजी डेटा चोरी करने की साजिश रच रही है।
चीमा ने कहा कि यह ऐप राज्यों के अधिकारों का हनन करता है और एक केंद्रीकृत निगरानी प्रणाली स्थापित करता है, जिसमें राज्य पुलिस या साइबर सेल की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि इसका इस्तेमाल चुनावों और विरोध प्रदर्शनों के दौरान राजनीतिक निगरानी के लिए किया जा सकता है। मंत्री ने इसे ‘डिजिटल तानाशाही’ करार देते हुए कहा कि कमजोर सुरक्षा प्रणाली के कारण यह साइबर खतरों को भी न्योता दे रहा है और ‘आप’ इसका पुरजोर विरोध करती है।
