बम की धमकी: पंजाब और हरियाणा सिविल सेक्रेटेरिएट कराया गया खाली..!!

Punjab

Punjab Desk: चंडीगढ़ स्थित पंजाब और हरियाणा सिविल सेक्रेटेरिएट (सचिवालय) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे प्रशासनिक खेमे में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया है। इस धमकी भरे संदेश के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गई हैं और एहतियातन दोनों ही इमारतों को खाली करा लिया गया है।

कर्मचारियों में दहशत, सर्च ऑपरेशन जारी

धमकी मिलने के तुरंत बाद CISF (सीआईएसएफ), पुलिस बल और खुफिया एजेंसियों ने कमान संभाल ली है। सचिवालय के कर्मचारियों से अपील की गई है कि वे शांत रहें और सुरक्षित बाहर निकलें। फिलहाल भारी पुलिस बल के साथ डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता पूरी इमारत की बारीकी से जांच कर रहा है।

हरियाणा सचिवालय भी कराया गया खाली

सुरक्षा के मद्देनजर केवल पंजाब ही नहीं, बल्कि पास में स्थित हरियाणा सिविल सेक्रेटेरिएट को भी आनन-फानन में खाली कराया गया है। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को दफ्तर छोड़कर बाहर आने के निर्देश दिए गए हैं।

चंडीगढ़ में धमकियों का सिलसिला

हैरानी की बात यह है कि चंडीगढ़ में यह पहली घटना नहीं है। ठीक एक दिन पहले यानी बीते कल, चंडीगढ़ के कई प्रतिष्ठित कॉन्वेंट स्कूलों को भी इसी तरह बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद स्कूलों में छुट्टी कर दी गई थी। अब सचिवालय जैसी हाई-प्रोफाइल जगह को निशाना बनाने की धमकी ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रशासन की अपील: एजेंसियों ने साफ किया है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और यह कार्रवाई केवल सुरक्षा और सावधानी के तौर पर की जा रही है। जांच पूरी होने तक किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश वर्जित कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *