सात समंदर पार भी दिखता है होली का रंग: स्पेन में ‘टमाटर की बारिश’ तो जापान में ‘फूलों का उत्सव’

Dharam

Dharam Desk: भारत में होली का त्योहार रंगों, उमंग और आपसी प्रेम का प्रतीक है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया के अलग-अलग कोनों में भी ‘होली’ जैसे ही उत्सव मनाए जाते हैं? कहीं टमाटरों की बारिश होती है, तो कहीं तरबूजों की नदियां बहती हैं।

दुनिया भर में ‘होली’ के अलग-अलग रंग

1. स्पेन की ‘टमाटर वाली होली’ (La Tomatina)

स्पेन का ‘ला टोमाटीना’ उत्सव पूरी दुनिया में मशहूर है। यहाँ रंगों की जगह टमाटरों से होली खेली जाती है। अगस्त के अंतिम शनिवार को मनाए जाने वाले इस त्योहार में लोग एक-दूसरे पर टन के हिसाब से टमाटर फेंकते हैं। इसे दुनिया का सबसे बड़ा ‘फूड फाइट’ फेस्टिवल भी माना जाता है।

2. थाईलैंड का ‘सोंगकरन’ (Songkran)

थाईलैंड में नए साल के स्वागत में सोंगकरन पर्व मनाया जाता है। यह बिल्कुल हमारी ‘पानी वाली होली’ जैसा है। अप्रैल की चिलचिलाती गर्मी में लोग एक-दूसरे पर पानी की बौछारें करते हैं और तालाबों में डुबकी लगाकर मस्ती करते हैं।

3. न्यूजीलैंड का ‘वानका उत्सव’

न्यूजीलैंड में होली का एक कलात्मक रूप देखने को मिलता है। यहाँ 6 दिनों तक चलने वाले वानका उत्सव में लोग एक-दूसरे के शरीर पर रंगीन पेंटिंग बनाते हैं। इसमें पेंटिंग प्रतियोगिताएं और जमकर नाच-गाना भी होता है।

4. ऑस्ट्रेलिया का ‘तरबूज उत्सव’ (Chinchilla Melon Festival)

ऑस्ट्रेलिया में होली के रंगों की जगह हर तरफ लाल तरबूज नजर आते हैं। ‘चिनचिला मेलन फेस्टिवल’ के दौरान लोग तरबूजों के साथ अनोखे खेल खेलते हैं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेते हैं।

5. जापान का ‘चेरी ब्लॉसम’ (Hanami)

जापान में वसंत के आगमन पर फूलों वाली होली खेली जाती है। जब चेरी के पेड़ों पर फूल (Sakura) खिलते हैं, तो लोग बागों में इकट्ठा होते हैं और झड़ते हुए फूलों के बीच एक-दूसरे को बधाई देते हैं।

6. चीन का ‘डाए’ समुदाय उत्सव

चीन के ‘डाए’ समुदाय के लोग भारतीय होली की तरह ही पानी से यह त्योहार मनाते हैं। नए साल के मौके पर होने वाले इस जश्न में लोग एक-दूसरे पर पानी डालकर खुशियां साझा करते हैं और मंगलकामनाएं देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *