चंडीगढ़: पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए प्रस्तुत बजट की सराहना करते हुए कहा कि इस बजट में पूरे राज्य में सड़कों और पुलों के बुनियादी ढांचे के विस्तार तथा मौजूदा संपत्तियों के योजनाबद्ध रखरखाव को सुनिश्चित करने के लिए सड़कों, पुलों और सार्वजनिक इमारतों के निर्माण, नवीनीकरण और रखरखाव हेतु बजट बढ़ाकर 5,440 करोड़ रुपये कर दिया गया है, जो वित्तीय वर्ष 2025–26 (बजट अनुमान) की तुलना में लगभग दोगुना है।
उन्होंने बताया कि राज्य भर में 2,570 किलोमीटर लंबी प्लान सड़कों के उन्नयन और कनेक्टिविटी में सुधार के लिए वित्तीय वर्ष 2026–27 में 1500 करोड़ रुपये के प्रारंभिक खर्च का प्रस्ताव रखा गया है। इससे जिलों के भीतर और अंतर-जिला सड़क नेटवर्क को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। इसके अलावा, 31 चल रहे पुलों को पूरा करने तथा नए पुलों के निर्माण कार्यों के लिए 130 करोड़ रुपये की राशि निर्धारित की गई है।
हरभजन सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई-III) के तहत वित्तीय वर्ष 2025–26 के दौरान लगभग 500 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों के 290 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से पूरा होने की उम्मीद है। इसके अतिरिक्त, वित्तीय वर्ष 2026–27 में इस योजना के अंतर्गत 400 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 400 किलोमीटर सड़कों के उन्नयन का प्रस्ताव है।
इसके साथ ही केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना फंड के तहत 100 किलोमीटर सड़कों के उन्नयन तथा 6 रेलवे अंडर ब्रिज/ओवर ब्रिज के निर्माण के लिए 300 करोड़ रुपये की राशि प्रस्तावित की गई है, जिससे राज्य भर में सड़क संपर्क और सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भगवंत सिंह मान सरकार के प्रयासों से राज्य में विश्व स्तरीय सड़क नेटवर्क का निर्माण होगा। इस अवसर पर उन्होंने राज्य की महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये और 1500 रुपये की वित्तीय सहायता देने के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री मावां धियां सत्कार योजना की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इस योजना के शुरू होने से राज्य की महिलाओं को आर्थिक स्वतंत्रता का अनुभव होगा।
