सत्ता में आने पर दी गई सभी गारंटी आज पूरी हो गई हैं: हरपाल सिंह चीमा

Punjab

चंडीगढ़: पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने राज्य में महिलाओं के लिए ‘मुख्यमंत्री मावां धियां सत्कार योजना’ के ऐतिहासिक ऐलान के बाद एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए एक बड़ा दावा किया। चीमा ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार ने अपने कार्यकाल के चार साल पूरे होने से पहले ही पंजाब के लोगों से की गई एक और सबसे बड़ी गारंटी पूरी कर दी है।

वित्त मंत्री ने जोर देते हुए कहा कि साल 2022 के विधानसभा चुनावों के दौरान आम आदमी पार्टी ने पंजाब की जनता को कुछ अहम गारंटियां दी थीं। उन्होंने बताया कि महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता देने की यह पांचवीं और सबसे बड़ी गारंटी थी, जिसे आज पेश किए गए बजट में हकीकत में बदल दिया गया है। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि पंजाब की मौजूदा सरकार ने यह साबित कर दिया है कि वह अपने वादों को सिर्फ चुनावी जुमलों या कागजों तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उन्हें जमीनी स्तर पर लागू करके दिखाती है।

अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चीमा ने विधानसभा में पेश किए गए इस बजट को ‘गारंटियां पूरी करने वाला बजट’ करार दिया। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले पार्टी की ओर से जितनी भी गारंटियां देकर जनता से वोट मांगे गए थे, आज वे सभी गारंटियां मुकम्मल हो गई हैं। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी ने जो कहा था, वह करके दिखाया है और यह बजट राज्य के विकास और हर वर्ग की तरक्की का एक नया अध्याय लिखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *