जालंधर: नशे की ‘ओवरडोज’ ने ली कबड्डी खिलाड़ी की जान? संदिग्ध हालात में मिला शव

Punjab

जालंधर/मेहतपुर: पंजाब के खेल मैदानों से एक और उभरते सितारे के बुझने की खबर सामने आई है। मेहतपुर के गांव उदोवाल के रहने वाले युवा कबड्डी खिलाड़ी वंश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हालांकि पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है, लेकिन ग्रामीणों का स्पष्ट आरोप है कि वंश की जान नशे की ओवरडोज के कारण गई है।

खेतों के पास मिला शव

जानकारी के मुताबिक, वंश बालोकी खेड़ा रोड की ओर गया हुआ था, जहाँ राहगीरों को उसका शव संदिग्ध हालत में मिला। सूचना मिलते ही गांव के सरपंच और परिवार मौके पर पहुंचे। वंश ने दो साल पहले ही 12वीं की परीक्षा पास की थी और वह स्कूल स्तर से ही एक बेहतरीन कबड्डी खिलाड़ी रहा था। उसने कई टूर्नामेंटों में अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया था।

होनहार खिलाड़ी से नशे की गिरफ्त तक

गांव उदोवाल के पंच मनप्रीत सिंह ने दुख व्यक्त करते हुए बताया कि वंश एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी था और उसने कई बार स्कूल का प्रतिनिधित्व किया था। लेकिन स्कूल छोड़ने के बाद वह गलत संगत और नशे की दलदल में फंस गया। परिजनों ने इस मामले में पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी और गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

गांव में पसरा मातम और चिंता

उदोवाल गांव में नशे से मौत का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले 17 फरवरी को भी गांव के एक अन्य युवक जसदीप सिंह जस्सा की संदिग्ध ओवरडोज से मौत हुई थी। एक ही गांव में थोड़े ही अंतराल पर दो युवाओं की मौत ने प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं और ग्रामीणों में भारी रोष और चिंता का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *